अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने कोरोना महामारी से बचाव की सरकारी व्यवस्था पर रोष जताया। उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान देश की जनता ने महामारी से रोकथाम के लिए हर निर्देश का पालन किया है, लेकिन सरकार की राजनैतिक और व्यवस्थागत खामियों के चलते प्रवासी लोगों को भारी दिक्कतों और असुविधाओं से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दो माह से अधिक समय से चल रहे लॉकडाउन के बाद जो स्थितियां बनी है वह सरकार की अदूरदर्शिता और जमीनी सच्चाइयों की कमजोरी को उजागर कर रही हैं। सरकार समय पर ग्राम पंचायतों को क्वारंटीन की व्यवस्था की जिम्मेदारी देने के साथ ही उन्हें अधिकारों और संसाधनों से लैस करती। साथ ही ग्राम पंचायतों के निर्णय में भागीदारी सुनिश्चित करती तो स्थितियां थोड़ी बेहतर होती। जिससे ग्रामीण क्षेत्र में व्याप्त असंतोष और भय की स्थिति नहीं बनती। उन्होंने कहा यदि सरकार लॉकडाउन से पूर्व प्रवासी और श्रमिकों को उनके घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था करती, शराब की दुकानें नहीं खोलती और सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करती तो परिणाम और बेहतर होते है।