नियमितीकरण समेत अन्य मांगों को लेकर उपनल संविदा कर्मचारियों ने गुरुवार को भी चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में धरना दिया। उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया।
धरना स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने मांगें शीघ्र पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। इधर देहरादून में चल रहे आंदोलन में भाग लेने के लिए उपनल कर्मचारियों का 25 सदस्यीय दल बृहस्पतिवार देहरादून को रवाना हो गया है। धरना स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि विभिन्न विभागों में संविदा में रखे गए उपनल कर्मचारियों को कई सालों बाद भी नियमित नहीं किया गया है।
इससे उनका भविष्य अधर में लटक गया है। उन्होंने मानदेय में बढ़ोत्तरी करने, निकाले गए उपनल कर्मियों को बहाल करने की मांग की। उन्होंने प्रदेश सरकार पर उपनल कर्मचारियों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। धरने में कैलाश जोशी, कुलदीप सिंह, मनोज जोशी, धीरज कुमार, पुष्पा आर्या, किरन मठपाल, खीम सिंह, सुमित कुमार, कमलेश, शेर सिंह आदि बैठे।