अल्मोड़ा। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) में स्नातकोत्तर और डिप्लोमा संबंधित पाठ्यक्रमों में अब सेमेस्टर सिस्टम लागू हो गया है। डिग्री और डिप्लोमा के लिए छात्रों को अब सेमेस्टर प्रक्रिया से होकर गुजरना पड़ेगा। पूर्व में मात्र तकनीकी व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में ही सेमेस्टर सिस्टम लागू था। अब पीजी कक्षाओं में भी छात्रों को सेमेस्टर कक्षाओं में ही प्रवेश मिलेगा।
यूओयू में एक जुलाई से विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। नए सत्र में विश्वविद्यालय की ओर से कुछ बदलाव किए गए हैं। विवि में अब स्नातकोत्तर कक्षाओं में पहली बार सेमेस्टर शुरू हो गए हैं। पूर्व में मात्र तकनीशियन संबंधित पाठ्यक्रमों में सेमेस्टर लागू थे लेकिन अब स्नातकोत्तर की एमए, एमकॉम, एमएससी आदि संकायों में सेमेस्टर लागू किए गए हैं। पीजी कॉलेज रानीखेत स्थित यूओयू के क्षेत्रीय निदेशक कार्यालय के अनुसार पहले स्नातकोत्तर की कुछ चयनित संकायों को छोड़कर सभी बिना सेमेस्टर के ही संचालित किए जाते थे। यूओयू क्षेत्रीय कार्यालय के केंद्र समन्वयक डॉ. जेएस रावत ने बताया कि इस बार पीजी कक्षाओं में सेमेस्टर लागू कर दिए गए हैं। पीजी के प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर में किताबें एक ही होंगी। द्वितीय, चतुर्थ सेमेस्टर में केवल परीक्षा फीस देनी होंगी। प्रवेश और किताबों का शुल्क पहले और तीसरे सेमेस्टर में लिया जाएगा।
इन कक्षाओं में पूर्व में भी होता था सेमेस्टर
-एमएसडब्लू, एमबीए, एमसीए और पीजी डिप्लोमा में व्यावसायिक पाठ्यक्रम
अब इनमें भी होगा सेमेस्टर
-एमए, एमएससी, एमकॉम, टूरिज्म पीजी डिप्लोमा समेत विभिन्न पाठ्यक्रम
आवेदक का मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी जरूरी
अल्मोड़ा। पीजी और डिप्लोमा में सेमेस्टर सिस्टम लागू होने के साथ ही अब विभिन्न केंद्रों के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। क्षेत्रीय निदेशक कार्यालय के केंद्र समन्वयक डॉ. जेएस रावत ने बताया कि इस बार से ऑनलाइन प्रवेश के तहत अभ्यर्थी को निजी जानकारी जरूर देनी होगी। इस बार आवेदक को अपना मोबाइल नंबर, आधार नंबर और ईमेल आईडी से रजिस्ट्रेशन करने की अनिवार्यता लागू की गई है।