नगर निवासी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी एकता बिष्ट को शानदार प्रदर्शन के बल पर आईसीसी की वन-डे और टी-20 टीम में जगह मिली है। एकता वर्तमान में बड़ौदा में घरेलू प्रतियोगिताओं में व्यस्त हैं। अमर उजाला से फोन पर हुई बातचीत में एकता ने कहा कि उनका लक्ष्य अगले साल जनवरी में होने वाली साउथ अफ्रीका में होने वाली सीरीज में भारत को जीत दिलाना है।
आईसीसी महिला वर्ग में एकता बिष्ट की वर्तमान में 14वीं रैंकिंग है। वह अपने करिअर में अब तक 129 विकेट ले चुकी हैं। एकता इस वर्ष की इकलौती क्रिकेटर हैं, जिनका चयन दोनों फारमेट में हुआ है। उनके पिता पूर्व सैनिक कुंदन बिष्ट, माता तारा बिष्ट, बहन श्वेता बिष्ट और भाई विनीत बिष्ट ने एकता की उपलब्धि पर मिठाई बांटकर खुशी जताई। इधर, जिला क्रिकेट एसोसिएशन और नगर के खेल प्रेमियों ने भी एकता की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई है।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश धवन और कोच लियाकत अली खान ने कहा है कि एकता ने अपनी मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। इधर, पूर्व विधायक मनोज तिवारी, पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, अल्मोड़ा अरबन बैंक के अध्यक्ष आनंद सिंह बगडवाल, सचिव-महाप्रबंधक पीसी तिवारी, आवासीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एचएस धामी, जिला व्यापार मंडल उपाध्यक्ष दीप लाल साह, प्रो. आरएस पथनी, प्रो. दया पंत, भैरव गोस्वामी, मनीष जोशी के अलावा हाईलेंडर क्रिकेट एकेडमी काशीपुर के सीईओ संजय कुमार ठाकुर आदि ने भी एकता को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी है।