अल्मोड़ा। सल्ट के टोटाम इंटर कॉलेज में वन विभाग की कड़ी सुरक्षा के बीच 12वीं की प्रयोगात्मक परीक्षा हुई। टोटाम गांव मेें तेंदुए की बढ़ती सक्रियता के बाद वन विभाग की टीम सुबह से विद्यालय परिसर में तैनात रही। ड्रोन कैमरे से विद्यालय परिसर के चारों ओर निगरानी की गई।इससे परीक्षा देने पहुंचे छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को राहत पहुंची।
शनिवार को टोटाम इंटर कॉलेज और प्राइमरी स्कूल के परिसर से 100 मीटर दूरी पर शाम करीब 5:30 बजे एक तेंदुआ दिखाई देने से लोगों में दहशत है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए की तलाश में विद्यालय के पास गश्त की। तेंदुए को विद्यालय और आबादी क्षेत्र से दूर रखने के लिए वनकर्मियों ने पटाखे भी जलाए। मंगलवार और बुधवार को विद्यालय के पास तेंदुए की सक्रियता नजर नहीं आई लेकिन छात्र-छात्राओं की सुरक्षा की दृष्टि से वनकर्मी परीक्षा होने तक विद्यालय में मौजूद रहे। वन विभाग के मुताबिक टोटाम गांव में बीते कुछ दिनों से ग्रामीणों को एक मादा तेंदुआ अपने तीन शावकों के साथ कई बार क्षेत्र में चहलकदमी करती दिखाई दी। हालांकि शिकायत पर वन विभाग ने मादा तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव चार पिंजरे और छह ट्रैप कैमरे स्थापित किए। वहीं विद्यालय और गांव में ड्रोन कैमरे की सहायता से तेंदुए की सक्रियता पता की जा रही है।
-
कोट
वन विभाग की टीम की सुरक्षा के बीच विद्यार्थियों ने प्रयोगात्मक परीक्षा दी। तेंदुए की दहशत से लोगों को निजात दिलाने के लिए टीम विद्यालय और गांव में लगातार गश्त करेगी। दो दिन में क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई देने की कोई सूचना नहीं मिली है, इससे लोगों को राहत पहुंची है। - गंगासरन, वन क्षेत्राधिकारी, मोहान रेंज