अल्मोड़ा। राज्य योजना के तहत अब जल्द कर्नाटकखोला से विकास भवन तक सड़क पहुंचने की उम्मीद जगी है। वहीं हवालबाग विकासखंड के कुजयाडी-दिलकोट और अल्मोड़ा-खूट की बदहाल सड़कों से भी लोगों को मुक्ति मिलेगी। लोनिवि प्रांतीय खंड को तीनों कार्यों के लिए शासन से 258.67 लाख रुपये का बजट जारी हुआ है। ऐसे में अब लोगों को खतरे के बीच आवाजाही करने को मजबूर नहीं होना पड़ेगा।
लोक निर्माण प्रांतीय खंड राज्य योजना के तहत कुजयाडी से दिलकोट को जोड़ने वाली बदहाल हो चुकी एक किमी सड़क का 65.85 लाख रुपये से सुधारीकरण करेगा। इसके साथ ही 116.13 लाख रुपये से अल्मोड़ा-खूट 1.5 किमी सड़क पर शेष कार्य को पूरा कर डामरीकरण करेगा। लंबे समय से बदहाल इन सड़कों के सुधरने से लोगों को खतरे के बीच सफर करने को मजबूर नहीं होना पड़ेगा। योजना के तहत कर्नाटक खोला से रैलापाली, सरकार की आली जोड़ते हुए विकास भवन तक तीन किमी सड़क निर्माण के लिए दूसरे चरण के कार्य के लिए 76.69 लाख रुपये की भी स्वीकृति मिली है। ऐसे में इन क्षेत्रों के लोगों के लिए अब विकास भवन तक पहुंचना भी आसान होगा।
लंबे संघर्ष के बाद मिली सफलता - विधायक
- विधायक मनोज तिवारी ने इस संबंध में एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि राज्य योजना के तहत स्वीकृत तीनों कार्यों के लिए उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर काफी प्रयास किए थे। इन कार्यों को आखिरकार सरकार से स्वीकृति मिली। विधायक तिवारी ने इसके लिए सीएम और लोक निर्माण मंत्री का आभार जताया। कहा कि विधानसभा शेष सड़कों को भी दुरुस्त बनाने के लिए उनका प्रयास जारी रहेगा।
कोट
राज्य योजना के तहत स्वीकृत इन कार्यों के लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रक्रिया पूरी होने पर प्राथमिकता के साथ कार्य किए जाएंगे। ताकि लोगों को योजना का लाभ मिल सके। - हर्षित गुप्ता, अधिशासी अभियंता, लोनिवि प्रांतीय खंड अल्मोड़ा।