द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड क्रांति दल ने ऑटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) के नाम पर टैक्सी चालकों और वाहन स्वामियों का शोषण करने पर त्रिमूर्ति चौक पर अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए।
बुधवार को इस संबंध में उत्तराखंड क्रांति दल के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी और कोतवाल को ज्ञापन दिया। पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने कहा कि सरकार ने वाहनों की फिटनेस केवल एटीएस में होने का शासनादेश जारी किया है।
आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने एक भी सरकारी ऑटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन स्थापित नहीं किया है। ऐसे में वाहन चालक प्राइवेट ऑटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन में फिटनेस कराने के लिए मजबूर हैं। प्राइवेट ऑटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन में वाहन चालकों से मनमानी फीस वसूली जा रही है।
सरकार को यह निर्णय जमीनी हकीकत को समझकर लेना चाहिए था। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि टैक्सी चालकों और वाहन स्वामियों का शोषण बंद नहीं किया गया तो आंदोलन उग्र होगा। धरना प्रदर्शन में द्वाराहाट टैक्सी यूनियन के व्यवसायिक वाहन चालकों ने भी अपना पूर्ण समर्थन दिया।
इस अवसर पर गोविंद सिंह अधिकारी, वीरेंद्र बजेठा, दान सिंह, गोपाल सिंह रौतेला, आनंद सिंह किरौला, जगत सिंह रौतेला, मोहन नाथ गोस्वामी, संतोष कुमार, भरत साह आदि मौजूद रहे।