रानीखेत (अल्मोड़ा)। आगामी पंचायत चुनाव को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने भी कमर कस ली है। ताड़ीखेत ग्वेल देवता मंदिर प्रांगण से दल ने चलो गांव की ओर अभियान की शुरूआत की और इसी के साथ सदस्यता अभियान छेड़ा। इस मौके पर हुई बैठक में प्रदेश के राजनैतिक हालातों पर चर्चा करते हुए कहा कि सरकार जनमुद्दों से पूरी तरह से भटक चुकी है। उक्रांद के रानीखेत जिलाध्यक्ष जगदीश रौतेला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र के विकास की अवधारणा को लेकर ही राज्य का गठन हुआ था। उक्रांद सहित तमाम आंदोलनकारी ताकतों के संघर्ष से राज्य मिला, लेकिन भाजपा कांग्रेस ने बारी-बारी से राज्य की अवधारणा को बदलने का काम किया। 25 साल बाद भी राज्य को स्थायी राजधानी नसीब नहीं हो सकी। बेरोजगारी, महंगाई चरम पर है। पहाड़ की अस्मिता को बचाने के लिए उक्रांद संघर्ष करेगा। इस दौरान सदस्यता अभियान शुरू हुआ।
वक्ताओं ने कहा कि अब दल के कार्यकर्ता गांव चलो अभियान शुरू करेंगे और पंचायत चुनाव में उक्रांद को भारी सफलता मिलेगी। संचालन युवा नेता कुंदन बिष्ट ने किया। वहां पर अल्मोड़ा के प्रभारी हरीश नेगी, केंद्रीय संगठन मंत्री कुंदन बिष्ट, प्रवक्ता वीरेंद्र सिंह बजेठा, राज्य आंदोलनकारी मदन कठायत, दिनेश नेगी, दीपक जोशी आदि थे। संवाद