चौखुटिया में उक्रांद के केंद्रीय नेता जगदीश बुधानी के पार्टी में शामिल होने पर स्वागत करते सीएम त्रिवेंद्र रावत
- फोटो : AMAR UJALA
उत्तराखंड क्रांतिदल के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगदीश बुधानी के भाजपा का दामन थामने से उक्रांद को बड़ा झटका लगा है। बुधानी उक्रांद के केंद्रीय महामंत्री और केंद्रीय प्रवक्ता के अलावा दल की युवा शाखा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। बुधानी 2013 से लगातार कुमाऊं विश्व विद्यालय कार्यपरिषद के सदस्य होने के साथ ही जिला पंचायत सदस्य भी रह चुके हैं।
इधर बुधानी ने अमर उजाला से हुई बातचीत में कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले उक्रांद के शीर्ष नेताओं ने दल को बर्बाद करके रख दिया है। हालत यह है कि राज्य के महज पांच लोकसभा सीटों पर पांच उम्मीदवार तक खड़े नहीं किए गए हैं। केंद्रीय नेता खुद चुनाव लड़ने से बच रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के कार्य और नीतियों से प्रभावित होकर ही उन्होंने भाजपा में शामिल होने का बड़ा निर्णय लिया।