गढ़वाल की सीमा से सटे दूरस्थ चक्कर गांव में मूसलाधार बारिश से गंजूर गधेरा उफान पर आ गया। इस बीच जंगल से चारा लेकर लौट रहीं दो महिलाएं गधेरे में करीब 50 मीटर दूरी तक बह गईं, लेकिन गांव के दो युवकों ने जान जोखिम में डालकर उन्हें बचा लिया। हालांकि दोनों महिलाओं को काफी चोटें आई हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक स्याल्दे ब्लॉक के दूरस्थ चक्कर गांव की दो महिलाएं जंगल से चारा लेकर लौट रही थीं। इस बीच तेज बारिश के बाद गांव से कुछ दूरी पर स्थित गंजूर गधेरे में उफान आ गया। गांव की हेमा देवी (40) पत्नी चंदन राम और देवकी देवी (50) पत्नी मोहन राम ने जंगल से लौटते वक्त गधेरे को पार करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों गधेरे की तेज धारा में बहने लगीं। उन्हें बहता देख गांव के दो युवक राकेश और रवि जान जोखिम में डालकर गधेरे में गए और उन्होंने सूझबूझ के साथ 50 मीटर दूर बह चुकी महिलाओं को बाहर निकाल लिया। दोनों महिलाओं को सीएचसी भिकियासैंण में उपचार के लिए लाया गया। सीएचसी की डा. अनिता सक्सेना ने बताया है कि एक महिला के सिर और दूसरी के रीड़ की हड्डी में चोट है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद रानीखेत के लिए रेफर कर दिया गया है।