सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। बारिश से सोमेश्वर तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत कगराड़ में चार कमरों का दो मंजिला मकान ध्वस्त हो गया है। संयोग से किसी को चोट नहीं पहुंची है। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार निशा रानी ने राजस्व कर्मियों के साथ मौका मुआयना किया।
बारिश से मंगलवार शाम साढ़े सात बजे ग्राम पंचायत कगराड़ में हरीश सिंह पुत्र शेर सिंह का चार कमरों का दो मंजिला मकान टूट गया। परिजन घर के अंदर थे। मकान टूटने का आभास होने पर सभी बाहर आ गए।
मकान के मलबे में उनका सभी घरेलू सामान दब गया। संयोग से सभी परिजन बाल-बाल बच गए। हरीश सिंह के परिवार ने पड़ोस में रहने वाले भाई भूपाल सिंह के यहां शरण ले रखी है।
सूचना मिलने पर बुधवार को नायब तहसीलदार निशा रानी ने कानूनगो गणेश सिंह अधिकारी, राजस्व उप निरीक्षक पूजा कनवाल के साथ मौका मुआयना किया। नायब तहसीलदार ने बताया कि क्षति की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। नियमानुसार प्रभावित परिवार को मुआवजा दिलाया जाएगा।