अल्मोड़ा। चालकों की कमी से रोडवेज की दो सेवाएं स्थगित रही। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वाहनों के लिए यात्रियों को स्टेशन के चक्कर लगाने पड़े।
जिला मुख्यालय स्थित उत्तराखंड परिवहन निगम डिपो से चंडीगढ़, गुुरुग्राम, दिल्ली, देहरादून समेत विभिन्न रूटों पर बसों का संचालन किया जाता है। डिपो में लंबे समय से चालकों की कमी बनी हुई है। इसका असर बसों के संचालन पर पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को रोडवेज की टनकपुर, हरिद्वार सेवा का संचालन स्थगित रहा। बस नहीं चलने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। अल्मोड़ा से टनकपुर को रोडवेज की एकमात्र बस सेवा संचालित होती है। इस रूट पर केमू की भी सेवा नहीं है। ऐसे में यात्रियों को हल्द्वानी तक अन्य वाहनों में जाना पड़ता है। यहां से फिर दूसरी बस पकड़नी पड़ती है। इससे यात्रियों को किराया अधिक चुकाना पड़ता है जिससे उन्हें आर्थिक मार सहनी पड़ती है। यात्रियों ने बसों का संचालन नियमित करने की मांग की। इधर वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी गीता पांडे ने बताया कि बसों के संचालन के प्रयास किए जा रहे हैं।
बोेले यात्री
टनकपुर की सेवा स्थगित रहने से दिक्कतें हुई। हल्द्वानी तक अन्य वाहन से जाना पड़ेगा और वहां से टनकपुर की बस में जाएंगे। बार-बार वाहन बदलने पर दिक्कतें होती हैं। - मनोज सिंह, अल्मोड़ा
कभी चालकों की कमी तो कभी बसों में खराबी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बसों का नियमित संचालन किया जाना चाहिए। - शमशेर सिंह, अल्मोड़ा