अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में शुरू होने वाली राज्य स्तरीय महिला हॉकी प्रतियोगिता में कोरोना वायरस रोड़ा बन गया। काशीपुर से पहुंचे दो महिला खिलाड़ियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद फिलहाल शुक्रवार को प्रतियोगिता स्थगित कर दी गई। दोनों पॉजिटिव खिलाड़ियों को आइसोलेट करने के साथ अन्य मरीजों को कोरोना जांच के लिए भेज दिया गया। अब शनिवार से प्रतियोगिता शुरू होगी।
अल्मोड़ा में शुक्रवार को जिला प्रशासन और विक्टोरिया क्लब की ओर से राज्य स्तरीय 7-ए साइट महिला हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ होना था। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से टीमें प्रतिभाग कर रही थी। प्रतियोगिता शुरू होने से पहले खिलाड़ियों की कोरोना जांच की गई तो काशीपुर से पहुंची टीम के दो खिलाड़ियों में कोरोना की पुष्टि हुई। खिलाड़ियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव निकलने से अफरातफरी मच गई। इसके चलते फिलहाल प्रतियोगिता को स्थगित कर दिया गया। विक्टोरिया क्लब के अध्यक्ष मनोज सिंह पवार ने बताया कि दो खिलाड़ियों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें आइसोलेट करवा दिया गया है। अन्य खिलाड़ियों की जांच करवाई जा रही है। शुक्रवार को प्रतियोगिता फिलहाल स्थगित कर दी गई, अब शनिवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा।