अल्मोड़ा जिले के धौलादेवी विकासखंड के मल्ला गैराड़ में मशरूम खाने से बीमार एक ही परिवार के चार लोगों का बेस अस्पताल में उपचार चल रहा है। एक को आईसीयू से वार्ड में शिफ्ट किया गया है। जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
दरअसल बीते मंगलवार को मल्ला गैराड़ में जंगली मशरूम खाने से एक ही परिवार के भागीरथी (55), ममता (32), प्रीति (24), कार्तिक (4) की तबीयत बिगड़ गई। मल्ला गैराड़ के पूर्व प्रधान राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि चारों ने जंगली मशरूम की सब्जी खाई थी। कुछ ही देर बाद चारों को उल्टी होने के साथ ही घबराहट होने लगी। तबियत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित बेस अस्पताल रेफर किया गया। बुधवार को सभी अस्पताल में ही भर्ती थे।
अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक भागीरथी और ममता की हालत गंभीर बनी हुई है। कार्तिक की हालत में थोड़ा सुधार हुआ है। उसे आईसीयू से वार्ड में शिफ्ट किया गया है। प्रीति की हालत में भी सुधार हो रहा है। उसे आईसीयू में रखा गया है। डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि मरीजों का उपचार किया जा रहा है।