गणेशीगैर स्थित टिन शेड के एक मकान में रविवार रात आग भड़कने से नकदी समेत कमरे के अंदर रखा सारा सामान जल गया। इस दौरान गृह स्वामी और उनका परिवार बगल के दूसरे कमरे में सोए हुए थे। गृह स्वामी के उठने तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। रात में पहुंची पुलिस और पड़ोसियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग से घर का सामान जलकर राख हो गया। अग्निकांड में करीब दो लाख से अधिक का नुकसान हो गया।
जानकारी के मुताबिक रविवार देर रात गणेशीगैर निवासी विजेंद्र टाक का परिवार गहरी नींद में सोया था। इस बीच रात में दूसरे कमरे में अचानक धुआं फैलने लगा तो उनकी नींद खुली। इस बीच आग तेजी से फैलने लगी। जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। अग्निकांड में कमरे में रखा सामान कपड़े, राशन, टीवी , बिस्तर, सोफा, फ्रिज आदि जलकर राख हो गया। गृह स्वामी के मुताबिक कमरे में पांच हजार रुपये नकद भी रखे थे वह भी आग में नष्ट हो गए। हालांकि पुलिस और लोगों के प्रयासों से आग को दूसरे कमरे में फैलने से बचा लिया गया। विजेंद्र ने बताया कि आग से करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। बताया गया है कि इस कमरे में दीया जल रहा था। माना जा रहा है कि इसी से आग फैल गई।