बीएसएनएल के महाप्रबंधक महेंद्र पति ने बताया कि अल्मोड़ा में टू-जी और थ्री-जी सहित अन्य सेवाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इंटरनेट की सेवाएं हर ग्राम पंचायत तक उपलब्ध कराने की दिशा में काम शुरू हो गया है।
डिजिटल इंडिया सप्ताह के समापन के मौके पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए जीएम महेंद्र पति ने बताया कि बीएसएनएल की टू-जी और थ्री-जी सहित अन्य इंटरनेट सेवाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
जिन इलाकों में नेटवर्क ठीक ढंग से काम नहीं कर रहा है, उन इलाकों को चिन्हित करके सेवाओं को दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वक्त मोबाइल नेटवर्क के लिए बीएसएनएल की दरें सबसे कम हैं और रोमिंग को पूरे देश में समाप्त कर दिया गया है।
इसके बाद बीएसएनएल के मोबाइल कनेक्शनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बीएसएनएल के लैंडलाइन फोन में रात्रि नौ बजे से सुबह सात बजे तक फ्री फोन सेवा की सुविधा लागू होने के बाद से लैंड लाइन कनेक्शनों की संख्या भी बढ़ती जा रही है।
उन्होंने बताया कि आगामी वर्षों में सभी ग्राम पंचायतों तक ब्रॉड बैंड सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए एसएसए क्षेत्र के चार जिलों के एक-एक ब्लाक में काम चल रहा है। इस मौके पर डीजीएम रमित मौर्या, एजीएम एससी पांडे, सीसी रजवार, आरएस रौतेला, पीएस जंतवाल, नरेंद्र कुमार, गिरीश तिवारी आदि मौजूद थे।