दिल्ली से चुरा गई बाइक के साथ आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
आईपीएल मैच में सट्टा हारने के बाद भरपाई के लिए दिल्ली से बुलेट मोटर साइकिल चुराकर अल्मोड़ा बेचने पहुंचे दो युवकों को एसओजी की गोपनीय सूचना के बाद एनटीडी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर 41/102 सीआरपीसी और 411 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।
बिना नंबर की बुलेट मोटर साइकिल बेचे जाने की सूचना मिलने के बाद एसओजी और पुलिस की टीम ने शनिवार को बल्ढौटी तिराहे पर चेकिंग की। इस दौरान उन्हें बिना नंबर की बुलेट मोटर साइकिल में दो युवक मिले। पुलिस ने पूछताछ की तो युवकों ने अपना नाम राजा शर्मा पुत्र पूरन चंद्र शर्मा निवासी द्वारिका सेक्टर एक कुतुब बिहार फेस-2 नई दिल्ली और राहुल कुमार साहनी पुत्र रघुराज साहनी निवासी 480ए, डी ब्लॉक कुतुब बिहार फेस-2 नई दिल्ली बताया। पुलिस ने बताया कि दोनों युवकों ने आईपीएल के सट्टे में रुपये हारने और उसकी भरपाई के लिए बुलेट मोटरसाइकल दिल्ली से चुराकर यहां बेचने की बात स्वीकारी। इस बीच वह दोनों युवक पिछले पांच दिन से यहां अपने किसी दोस्त के यहां रुके हुए थे।
चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक धीरेंद्र पंत ने बताया कि बरामद मोटर साइकिल के बारे में थाना कल्याणपुर ईस्ट दिल्ली से जानकारी मांगी तो पता चला कि बीते छह अप्रैल को मोटर साइकिल चोरी के संबंध में वहां मुकदमा पंजीकृत किया गया है। उन्होंने बताया कि चोरी की गई मोटर साइकिल की कीमत एक लाख 94 हजार है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस टीम में कांस्टेबल मोहन बोरा, महेश राम, दीपक खनका और एसओजी के अशोक बुदियाल शामिल थे।