अल्मोड़ा। महिला कल्याण संस्था की ओर से नंदादेवी मंदिर प्रांगण में दो दिवसीय महिला होलिकोत्सव शुरू हो गया है। महिला होली गायकों ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया और होली के गीतों में जमकर नृत्य किया।
महिलाओं ने होली खेले पशुपति नाथ नगर नेपाल में..., होली के दिन चार नहीं आए सांवरिया..., सीया राम की होली अवधपुर जाएंगे..., अबीर गुलाल हाथ में लिए होली खेलत हरि आज..., तुम सिद्धि करो महाराज होली के दिनन में ब्रह्मा, विष्णु, महेश मनाऊं इनको पूंजू आज होली के दिनन में..., हां-हां छैला ना खेलो होली... आदि होली गीत गाए। विभिन्न स्कूलों की छात्राओं ने होली गीत गाए और नृत्य किया। उन्होंने स्वांग के माध्यम से बुराइयों पर कटाक्ष किया।
महिला वर्ग में अल्मोड़ा नगर और ग्रामीण क्षेत्र से 13 टीमों ने हिस्सा लिया। बालिका वर्ग में बीयरशिवा स्कूल प्रथम, बालिका निकेतन द्वितीय, जन शिक्षण संस्थान तृतीय रहे। अन्य दो टीमों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। निर्णायक दिवान कनवाल, रेखा सिरोही, गोपाल चम्याल, गोकुल बिष्ट, रमेश लाल थे। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस दिन सभी लोगों को सारे गिले-शिकवे मिटाकर एक नई शुरुआत करनी चाहिए।
विशिष्ट अतिथि लेखिका और फिल्म निर्माता कंचन पंत ने सभी महिलाओं को होली की शुभकामनाएं दीं। अध्यक्षता अल्मोड़ा अर्बन बैंक के अध्यक्ष आनंद सिंह बगडवाल ने की। संचालन संस्था की अध्यक्ष रीता दुर्गापाल, मनोज सनवाल, नंदा देवी मंदिर समिति अध्यक्ष मनोज वर्मा, त्रिलोचन जोशी, सचिव पुष्पा सती, मीता उपाध्याय आदि ने किया। कार्यक्रम में महिला कल्याण संस्था उपाध्यक्ष मीता उपाध्याय, चंद्रा अग्रवाल, दीपा जोशी, गीता साह, आशा पंत, सुनयना महरा, सरला बिष्ट, मंजू रावत, अनीता रावत, अंजू अग्रवाल, अनुराधा अग्रवाल, आशा कर्नाटक आदि मौजूद थे।