मौलेखाल (अल्मोड़ा)। विकासखंड सल्ट में बिना अनुमति जेसीबी से सड़क काटने और खनन करने का मामला सामने आया है। शिकायत पर तहसील प्रशासन ने जांच कर संबंधित व्यक्ति के दो चालान किए हैं। खनन से संबंधित रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए खनन विभाग अल्मोड़ा को भेज दी गई है।
जानकारी के अनुसार मरचूला -भिकियासैंण मोटर मार्ग के मरचूला स्थित प्रारंभिक बिंदु के पास ललित बिष्ट निवासी गाजियाबाद ने कथित तौर पर अपने खेतों तक पहुंचने के लिए बिना अनुमति जेसीबी से सड़क काटकर खनन किया। उनकी झड़गांव में भी जमीन बताई गई है। मामले की शिकायत मिलने पर तहसीलदार आबिद अली ने पटवारी और कानूनगो समेत संयुक्त टीम गठित कर खनन की पैमाइश कर रिपोर्ट मांगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित व्यक्ति के 1224 घनमीटर और 804 घनमीटर खनन के दो चालान किए गए हैं। कुल 2028 घनमीटर खनन से संबंधित रिपोर्ट खनन विभाग अल्मोड़ा को भेज दी गई है। तहसीलदार आबिद अली ने बताया कि जांच में खनन कर सड़क बनाने का कार्य पाया गया है। रिपोर्ट के आधार पर दोनों चालान कर दिए गए हैं। अब खनन विभाग की ओर से अर्थदंड निर्धारित कर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
होटल निर्माण के लिए रास्ता बनाने की चर्चा
स्थानीय लोगों के अनुसार मरचूला क्षेत्र में एक बाहरी व्यक्ति ने व्यावसायिक उद्देश्य से जमीन खरीदी है। चर्चा है कि इस भूमि पर होटल निर्माण की तैयारी चल रही है। जमीन तक पहुंचने और निर्माण सामग्री लाने-ले जाने के लिए सड़क की आवश्यकता के चलते जेसीबी से खनन कर सड़क निर्माण किया गया।
कोट
शिकायत पर गठित जांच कमेटी ने खनन कर सड़क निर्माण किए जाने की पुष्टि की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित व्यक्ति के 1,224 और 804 घनमीटर के दो चालान काटकर रिपोर्ट खनन विभाग को भेज दी गई है। जुर्माने की कार्रवाई खनन विभाग करेगा। - आबिद अली, तहसीलदार सल्ट