28 किलो दो सौ ग्राम गांजे के साथ भतरौंजखान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों गांजे को जौरासी से लाकर रामनगर बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस को एसओजी से सूचना मिली कि क्षेत्र में गांजे की तस्करी चल रही है। जिस पर पुलिस ने मोहान में ड्रग फैक्ट्री के पास रामनगर की ओर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार यूके सिक्स एन- 6050 को चेक किया। वाहन में सवार मो. नाजिम पुत्र अब्दुल सलाम, निवासी काशीपुर और मो. सलीम पुत्र मो. शरीफ निवासी अलीखां, काशीपुर के कब्जे से 28 किलो दो सौ ग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की कीमत करीब एक लाख रुपये है। थानाध्यक्ष धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि वाहन को भी सीज कर दिया गया है।