पुलिस की विशेष कंपोजिट टीम और दन्यां पुलिस ने पनार के निकट दो किलो चरस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है। दोनों आरोपी चंपावत के रहने वाले हैं। आरोपी चरस को जीप में लेकर जा रहे थे। जीप को भी सीज कर दिया गया है।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस की कंपोजिट टीम और दन्यां थाना पुलिस ने पनार के निकट मैक्स जीप संख्या यूके 03, 5777 को चेक किया। जीप में सवार आरोपियों के पास दो किलो चरस बरामद हुई। पुलिस ने चरस लेकर जा रहे दोनों आरोपियों को गोविंद भट्ट पुत्र बची राम भट्ट निवासी अमोड़ी चंपावत और भुवन सिंह पुत्र नारायण सिंह निवासी खतौली जिला चंपावत को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। चरस की तस्करी में प्रयुक्त की गई जीप को भी सीज कर दिया गया है। बताया गया है कि तस्कर चरस को हल्द्वानी ले जाने के फिराक में थे।
चरस बरामद करने वाली टीम में एसएसपी द्वारा गठित विशेष कंपोजिट टीम के प्रभारी भूपाल राम, थाना दन्यां के एसओ रमेश सिंह बोरा के अलावा कंपोजिट टीम के कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, दीपक खनका, अशोक सिंह, संदीप, दिनेश नगरकोटी शामिल थे। इधर एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर ने कहा है कि जिले में चरस की तस्करी करने वालों का पुलिस पता लगा रही है और आरोपियों की धरपकड़ जारी रहेगी।