अल्मोड़ा। पुलिस, एएनटीएफ और एसओजी की टीम ने लमगड़ा में 2.380 किलो चरस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों को एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेजा गया।
सीओ विमल प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर प्रभारी थानाध्यक्ष लमगड़ा संजय जोशी, एसओजी के प्रभारी सुनील धानिक और एएनटीएफ प्रभारी सौरभ भारती की टीम मोतियापाथर पहुंची। मोतियापाथर-भांगादेवली सड़क पर टीम को देखकर दो युवक भागने लगे। टीम ने दोनों को पकड़ा और तलाशी ली। एक आरोपी भुवन चन्द्र सुयाल(35) निवासी ग्राम नैकाना, तल्ला रामगढ, नैनीताल के बैग से 1.23 और नवल पांडे(34) निवासी ग्राम कोकिलबना, सूपी मुक्तेश्वर, नैनीताल के पास से 1.15 किलो चरस बरामद हुई। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे लमगड़ा क्षेत्र के गांवों से चरस एकत्र कर मैदानी क्षेत्रों में ले जाकर ऊंचे दामों में बेचने की फिराक में थे।
चरस तस्करी का गढ़ बन रहा है लमगड़ा
अल्मोड़ा। जिले में चरस तस्करी के आए दिन मामले सामने आ रहे हैं और लमगड़ा इसका गढ़ बन रहा है। वर्ष 2023 में अब तक पुलिस ने 5.219 किलो चरस पकड़ी है। चरस की यह सभी खेप लमगड़ा क्षेत्र में ही पकड़ी गई है। पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में बड़ी मात्रा में भांग की खेती होती है और विभिन्न हिस्सों से यहां तस्कर चरस खरीदने के लिए पहुंचते हैं।
अधिक रुपये के लालच ने बनाया तस्कर
अल्मोड़ा। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवक भुवन चंद्र सुयाल परचून की दुकान चलाता है और नवन पांडे खेती करता है। दोनों को जल्द अधिक पैसा कमाने के लालच ने चरस तस्कर बनाया है। दोनों चरस को हल्द्वानी पहुंचाने की फिराक में थे। दोनों ने चरस कहां और किनसे खरीदी, पुलिस इसकी भी जांच में जुट गई है। संवाद
640 ग्राम चरस के साथ युवक गिरफ्तार
बागेश्वर। एसओजी ने 640 ग्राम चरस के साथ युवक को गिरफ्तार किया है। सीओ शिवराज सिंह राणा ने बताया कि एसओजी प्रभारी प्रह्लाद सिंह की टीम कांडा थाना क्षेत्र के कोटमन्या-धमरघर मार्ग पर वाहनों की जांच कर रही थी। एक बाइक से आ रहे युवक को रोका औ तलाशी ली तो उसके पास चरस मिली। पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार (32) निवासी बैशाली जखेड़ी, बेड़ीनाग पर एनडीपीएस अधिनियम में केस दर्ज कर उसके वाहन को सीज किया।