सालम के अमर शहीद स्व. नर सिंह धानक के गांव चौकुना में नव युवक मंगल दल का द्वितीय स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष और जागेश्वर के विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। युवाओं को सही सोच के साथ आगे बढ़ते हुए प्रदेश और देश के विकास में सहयोग करना होगा।
कुंजवाल ने युवक मंगल दल चौकुना की ओर से गांव में स्वच्छता, बच्चों की छुट्टियों में विशेष रूप से पढ़ाने के लिए कक्षाएं संचालित करने, खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन करने आदि प्रयासों की सराहना की। शहीद नर सिंह धानक, भवान सिंह धानक को याद करते हुए कहा कि हमें शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेनी होगी। उन्होंने युवाओं से बुराईयों से दूर रहकर समाज को नई दिशा देने का आह्वान किया।
इस मौके पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने बेड़ू पाको बारह मासा नरैण काफल पाको चैता मेरी छैला.., स्वर्ग तारा हाइ जुनेली राता को सुणलो तेरी मेरी बाता.. समेत कई कुमाऊंनी गीतों की प्रस्तुति दी। छोटे-छोटे बच्चों ने नृत्य की शानदार प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया। कुमाऊंनी कवि राजेंद्र ढैला ने कुमाऊंनी कविता सुनाई। मंगल दल के अध्यक्ष कृष्णा धानक ने दल द्वारा चलाए गए विभिन्न अभियानों की जानकारी दी।
अध्यक्षता प्रताप सिंह धानक ने की। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य दीवान बोरा, गिरीश जोशी, प्रताप राम, विशन नेगी, जीत सिंह धानक, मनोहर सिंह, त्रिलोक नगरकोटी ने विचार रखे। संचालन कृष्णा धानक और पूर्व प्रधान गंगा सिंह धानक ने किया।
। प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष और जागेश्वर के विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल रविवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. नर सिंह धानक के पैतृक गांव चौकुना के लिए निर्माणाधीन दन्योली-चौकुना मोटर मार्ग से नौगांव पहुंचे। क्षेत्र के लोगों ने सड़क का निर्माण शुरू करवाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल का आभार जताया और स्वागत किया।