अल्मोड़ा। लॉकडाउन के बीच जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में ट्वीटर के माध्यम से लोग अपनी जरूरत और समस्या पुलिस प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं। इसके तहत बृहस्पतिवार को जिले के सुदूर ससखोली (भिकियासैंण) निवासी मनोज सतपोला को हल्द्वानी से मंगाकर जरूरी दवाएं भिकियासैंण पुलिस के माध्यम से दिलाई गईं। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने लॉकडाउन के बीच पुलिस को मानव धर्म निभाते हुए जरूरतमंदों की मदद के निर्देश दिए हैं। इसके तहत जिले के किसी भी क्षेत्र से लोग अपनी समस्या ट्वीटर के माध्यम से एसएसपी तक पहुंचा सकते हैं। पुलिस टीम अपने स्तर से उनकी समस्या और जरूरत का ख्याल रखेगी। एसएसपी ने कहा कि लॉकडाउन में सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक जरूरी समान पहुंच पाना मुश्किल है। इसीलिए यह पहल शुरू की गई है। किसी भी सहायता के लिए लोग उनके मोबाइल नंबर 9410322790, फेसबुक आइडी पेज sspalmora, और ट्वीटर almora policeTwitter-@almorapolice आदि पर संपर्क कर अपनी समस्याएं बता सकते हैं।