खाई में गिरा खाली सिलिंडरों से भरा ट्रक।
- फोटो : amar ujala
डीडीहाट से हल्द्वानी रसोई गैस के खाली सिलिंडर लेकर जा रहा ट्रक बुधवार देर रात धौलछीना और बाड़ेछीना के बीच बर्फ में रपटकर करीब 20 फुट गहरी खाई में जा गिरा। वहां ट्रक पेड़ पर अटक गया। ट्रक में सवार चालक को हल्की चोटें आई हैं। यदि ट्रक पेड़ में नहीं अटकता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के मुताबिक डीडीहाट से खाली सिलिंडर लेकर हल्द्वानी की तरफ जा रहा था। धौलछीना से कुछ दूर सुंदरवन के पास रात करीब आठ बजे ट्रक सड़क पर पड़ी बर्फ में रपट गया और लगभग 20 फुट गहरी खाई में जाकर पेड़ में अटक गया। इसमें सिर्फ चालक गणेश जोशी सवार था। चालक ट्रक से बाहर नहीं निकल पाया। कुछ देर बाद उसने अपने फोन से आगे जा रहे सिलिंडर के दूसरे ट्रक चालक को घटना की जानकारी दी। इसके बाद दूसरा ट्रक पेटशाल से लौटकर मौके पर पहुंचा और इस ट्रक के चालक-परिचालक ने किसी तरह चालक को बाहर निकाला। उसे धौलछीना अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बृहस्पतिवार को खाई में गिरे ट्रक और नीचे की तरफ बिखरे खाली सिलिडरों को निकाल लिया गया।