रानीखेत (अल्मोड़ा)। नगर पालिका चिलियानौला के गठन को एक दशक बीत जाने के बावजूद वार्ड छह सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाया है। दुर्गम भौगोलिक क्षेत्र में बसे इस वार्ड के लोगों को आज भी अस्पताल तक मरीज पहुंचाने से लेकर रोजमर्रा का सामान ढोने तक भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी हरीश चंद्र सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत होने के बावजूद काम शुरू नहीं हो पाया है जबकि इस वार्ड में सबसे अधिक आबादी रहती है। यहां के लोग काफी समय से लिंक मार्ग की मांग कर रहे हैं। सड़क के लिए दो बार विधायक निधि मिलने के साथ ही पूर्व में 15 लाख रुपये भी स्वीकृत किए गए लेकिन वन विभाग की अनुमति और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण निर्माण आगे नहीं बढ़ सका।
प्रभात रावत का कहना है कि वार्ड नंबर सात में भी अब तक पक्की सड़क नहीं बन सकी है जिससे दोनों वार्डों के लोग बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। हरीश चंद्र, भूपेंद्र सिंह ने कहा कि बुजुर्गों को बाजार आने-जाने में सबसे अधिक दिक्कत होती है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
लिंक मार्ग के लिए धनराशि उपलब्ध है, लेकिन मार्ग में आने वाले पेड़ों के कारण कार्य अटका हुआ है। वन विभाग से अनुमति के लिए कई बार पत्राचार किया गया है और अब फिर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। - अरुण रावत, पालिकाध्यक्ष चिलियानौला
- संबंधित भूमि राजस्व विभाग की है, इसलिए पेड़ कटान की अनुमति अब राजस्व विभाग से लिए जाने के बाद ही आगे की कार्रवाई संभव होगी। - तापस मिश्रा, वन क्षेत्राधिकारी रानीखेत