रानीखेत में जाम लगने से लगी वाहनों की कतार।
रानीखेत (अल्मोड़ा)। पर्यटन नगरी में तमाम नियम-कानून के बाद भी जाम की समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। इससे यात्री, पर्यटकों के साथ ही स्थानीय लोग भी परेशान हैं। नगर में घंटों जाम लगने से यात्री और पर्यटक बेहाल रहे। दिन में कई बार लगे जाम से सभी जूझते रहे।
मंगलवार को नगर की मुख्य सड़क पर दिन में कई बार जाम लगा रहा। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लगी रही और यात्रियों, पर्यटकों को इनमें बैठकर जल्द राहत मिलने का इंतजार करना पड़ा। वाहन रेंगते रहे और यातायात व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतरी रही। किसी तरह पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जाम खोला, तब जाकर यात्री, पर्यटक और वाहन चालक गंतव्य को रवाना हो सके।
नगर में पार्किंग का अभाव जाम का कारण बन रहा है। पार्किंग न होने से चालकों के लिए वाहन सड़क किनारे खड़े करना मजबूरी बन गया है इससे जाम लग रहा है। इस गंभीर समस्या के समाधान के प्रयास नहीं हो रहे, इससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों में खासा आक्रोश है। वहीं कोतवाल अशोक कुमार धनकड़ ने कहा कि सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। यातायात व्यवस्था बेहतर करने के लिए गंभीरता से प्रयास हो रहे हैं।