रानीखत (अल्मोड़ा)। क्षेत्र में शुक्रवार की रात बिजली गिरने के कारण ताड़ीखेत स्थित बिजली घर का मुख्य ट्रांसफार्मर खराब हो गया। कई लाइनों पर पेड़, टहनियां गिर गईं, जिसके चलते चिलियानौला क्षेत्र में 17 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। जबकि ताड़ीखेत, सौनी, चमड़खान, बिल्लेख सहित आसपास के आधा दर्जन गांव रातभर अंधेरे में डूबे रहे। बिजली नहीं होने के कारण लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुछ इलाकों में सुबह 10 बजे व्यवस्था सुचारु हो गई थी।
शुक्रवार की रात 10:30 बजे अचानक बिजली गुल हो गई। मौसम खराब होने के कारण कड़ाके की ठंड भी पड़ रही थी। रातभर आधा दर्जन से अधिक गांव अंधेरे में डूबे रहे। सुबह भी व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी। सुबह से ही ऊर्जा निगम के कर्मचारी फॉल्ट ढूंढने में लगे रहे। ताड़ीखेत, चमड़खान आदि कुछ इलाकों में सुबह 10 बजे व्यवस्था सुचारु हो गई थी, लेकिन चिलियानौला क्षेत्र में शनिवार की दोपहर साढ़े तीन बजे व्यवस्था सुचारु हो सकी। बताया जा रहा है कि रात में बिजली गिरने से ताड़ीखेत स्थित बिजली घर के मुख्य ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई थी। जिस कारण लोगों को अंधेरे में रात बितानी पड़ी। ऊर्जा निगम के एसडीओ सौरभ जोशी ने बताया कि ताड़ीखेत सब स्टेशन का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। ताड़ीखेत, चमड़खान सौनी में सुबह 10 बजे व्यवस्था सुचारु हो गई थी। चिलियानौला को जोड़ने वाली लाइन में पेड़ और टहनियां गिर गई थी, जिस कारण फॉल्ट दूर करने में समय लगा।