अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ हाईवे पर चितई के पास लगा जाम। स्रोत : जागरुक पाठक
- फोटो : अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ हाईवे पर चितई के पास लगा जाम। स्रोत : जागरुक पाठक
अल्मोड़ा। कैंची धाम में लग रहे जाम का असर अब जिले की आंतरिक सड़कों पर भी दिखने लगा है। कैंची धाम में लगे जाम की वजह से अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जाने वाले यात्रियों को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। शुकवार को तीन से चार घंटे का सफर तय करने में लोगों को सात से आठ घंटे लगे जिससे कई यात्रियों की ट्रेनें छूट गईं और जरूरी काम भी अटक गए।
कैंची धाम में शुक्रवार को वाहनों के भारी दबाव के कारण मुख्य हाईवे पर जाम लग गया। किसी तरह निकले मुसाफिरों की मुश्किलें तब और बढ़ गईं कि जब वे अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ हाईवे पर स्थित चितई के पास दोबारा लंबे जाम में फंस गए। एक के बाद एक लग रहे इस जाम के कारण मुसाफिरों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में निर्धारित समय से काफी देरी हुई। जाम में फंसे रहने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी उन यात्रियों को हुई जिन्हें काठगोदाम या हल्द्वानी से आगे की ट्रेन पकड़नी थी। समय पर स्टेशन न पहुंच पाने के कारण कई लोगों की ट्रेनें छूट गईं जिससे यात्रियों में नाराजगी दिखी। इसके अलावा कई नौकरीपेशा और व्यावसायिक काम से निकले लोगों के जरूरी काम भी समय पर पूरे नहीं हो सके।
क्वारब में पहाड़ी से गिर रहा मलबा बना मुसीबत
हाईवे पर जाम की इस दोहरी मार के बीच क्वारब के पास पहाड़ी से लगातार गिर रहे मलबे ने सफर को और जोखिम भरा बना दिया है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और प्रशासन की ओर से यहां वाहनों की रूक-रुककर आवाजाही कराई जा रही है। मलबे के कारण बार-बार लग रहे इस ब्रेक से वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं और यात्रियों की दिक्कतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।
-
बोले यात्री
कैंची में जाम के कारण आए दिन दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समय पर गंतव्य पर नहीं पहुंच पाने के कारण कई जरूरी काम लटक जाते हैं। व्यवस्था दुरुस्त की जाए। - राजेश जोशी, अल्मोड़ा
क्वारब और कैंची में जाम के चलते यात्रियों की मुसीबत बढ़ती जा रही है। इसका स्थायी समाधान किया जाना चाहिए ताकि किसी तरह की परेशानी न हो। - प्रमोद सिंह, अल्मोड़ा
कोट
यातायात पुलिस जाम की समस्या से निपटने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई की जा रही है। जनता से अपील है कि वे सड़कों पर वाहन पार्क न करें। - हयात सिंह, यातायात प्रभारी अल्मोड़ा