बागेश्वर/कपकोट। जिले में बारिश का दौर शुरू होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। सड़कों पर मलबा आने से यातायात बाधित हो रहा है। कई जगहों पर यात्रियों को खुद ही मलबा हटाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
बृहस्पतिवार की रात को जिलेभर में बारिश हुई। कपकोट तहसील क्षेत्र में मूसलाधार बारिश होने से सौंग-मुनार और कपकोट-कर्मी सड़क पर यातायात बाधित हो गया। मुनार सड़क पर तुड़तुड़िया के समीप, जबकि कर्मी सड़क पर गांसू के समीप मलबा आया था। सुबह गांवों से कपकोट को आने वाली वाहन मलबे में फंस गए। मुनार सड़क पर यात्रियों ने कुछ देर तक जेसीबी के आने का इंतजार किया। बाद में स्वयं ही मलबा हटाने में जुट गए।
टैक्सी यूनियन के सचिव संजय कुमल्टा, चालक नारायण सिंह आदि ने बताया कि सड़क में मलबा आने की सूचना आपदा कंट्रोल रूम को दी गई। नौ बजे तक जेसीबी नहीं पहुंची तो यात्रियों की मदद लेकर हाथ से पत्थर और मलबा हटाकर वाहन निकलने लायक रास्ता बनाया। बाद में विभागीय जेसीबी की मदद मलबा पूरी तरह से हटाया गया। कर्मी सड़क पर यात्रियों को करीब 11 बजे तक सड़क खुलने का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान वहां 15-20 वाहन फंसे रहे।
इनसेट
कपकोट में सर्वाधिक बारिश
शुक्रवार सुबह तक कपकोट में 16 मिमी, गरुड़ में चार और बागेश्वर में दो मिमी बारिश दर्ज की गई। सरयू नदी का जलस्तर 865.20 जबकि गोमती नदी का 862 मीटर रहा।
इनसेट
विजयपुर-खंतोली सड़क हुई बदहाल
कांडा। कांडा तहसील क्षेत्र की विजयपुर-खंतोली सड़क बारिश होने से बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह हुए जलभराव के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। पानी जमा होने से पैदल चलने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कोट
बारिश के दौरान मलबा आने से बंद सड़कों को तत्काल खोलने के इंतजाम किए गए हैं। कपकोट की सड़कों के बंद होने की सूचना मिलने के बाद तत्काल जेसीबी मौके पर भेजकर मलबा हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। - शिखा सुयाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, बागेश्वर