। नोटबंदी के खिलाफ भारत बंद क्षेत्र में बेअसर रहा। सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान खुले रहे। नोटबंदी के कारण भले ही नकदी का संकट बना हुआ है, लेकिन नगर के व्यवसायी इसे देश हित में सही फैसला बताते हैं। व्यवसायियों का कहना है कि छोटी करेंसी कम मात्रा में आने के कारण ग्राहकों को सामान खरीदने के बाद रुपए लौटाने में दिक्कतें जरूर आ रही हैं, लेकिन नोटबंदी के दूरगामी परिणाम अच्छे रहेंगे। व्यापारी वर्ग ने नोटबंदी के फैसले का समर्थन किया है।
कचहरी बाजार के इलेक्ट्रानिक्स व्यापारी प्रकाश रावत केंद्र सरकार के पांच सौ और एक हजार के नोटबंदी के फैसले को देशहित में बताते हैं। उनका कहना है कि सरकार के इस कदम से काले धन पर अंकुश लगेगा। हालांकि वर्तमान में बाजार में छोटी करेंसी की कमी है, ऐसे में उपभोक्ता स्वाइप मशीन और चेक के माध्यम से खरीददारी कर सकते हैं। कारखाना बाजार के हार्डवेयर व्यवसायी हितेंद्र सिंह चौहान केंद्र के नोटबंदी के फैसले का समर्थन करते हैं। वह कहते हैं कि यह फैसला आम जनता के हित में है और इसके दूरगामी परिणाम अच्छे रहेंगे। जब से नोटबंदी हुई है तब से टर्नओवर नहीं बढ़ा है, व्यवसाय में किसी तरह की दिक्कत नहीं आ रही है।
नंदादेवी बाजार में राशन व्यवसायी दीप लाल साह ने कहा कि नोटबंदी के फैसले से कालेधन पर अंकुश लगेगा, अभी 500 रुपए का नोट नहीं आया है, यदि छोटी करेंसी आ जाएगी तो ज्यादा दिक्कत नहीं होगी। सरकार के नोटबंदी का फैसला जनहित में है। नंदादेवी के थोक विक्रेता जीवन जोशी ने कहा कि छोटी करेंसी पर्याप्त नहीं मिलने के कारण कभी-कभी दिक्कत हो रही है। अधिकांश ग्राहक दो हजार का नोट ला रहे हैं, लेकिन सामान सिर्फ 100 रुपए का ले रहा हैं। ऐसे में उसे खुले पैसे वापस करने में दिक्कतें हो रही हैं।