अल्मोड़ा। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मिठाई की दुकानों पर बिक्री के लिए आउटलेट पर रखी मिठाई रखने वाली ट्रे के साथ मिठाई के डिब्बे पर भी मिठाई निर्माण और वैधता तिथि लिखने के आदेश का विरोध किया है। उन्होंने इस मामले में जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। कहा कि इस नियम के लागू होने से व्यापारियों में भय बना है।
उन्होंने कहा कि खाद्य विभाग द्वारा जिले के सभी मिठाई विक्रेताओं को मिठाई ट्रे के साथ डिब्बे पर निर्माण और उसकी वैधता तिथि अंकित करने के निर्देश दिए हैं। इससे विक्रेताओं में असमंजस बना है। उन्होंने कहा कि खुली मिठाई पर किस तरह से दुकानदार वैधता तिथि अंकित करेंगे इसको लेकर कुछ स्पष्ट नहीं है। मिठाई विक्रेता सुबह मिठाई तैयार कर दिन में बेचते हैं। ऐसे में खुली मिठाई पर तिथि अंकित करने की वैधता सही नहीं है। उन्होंने इस आदेश का वापस लेने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष किशन गुरुरानी, मनोज अरोड़ा, नगर अध्यक्ष सुशील साह, राजेंद्र प्रसाद, प्रत्येष पांडे, अनीता रावत, कार्तिक साह, सचिव मयंक बिष्ट, राहुल बिष्ट, अमन नज्जौन, मनीष जोशी, नवनीत बिष्ट, निखिलेश साह, शेखर बिष्ट शामिल थे। इधर पदाधिकारियों ने बताया कि इस मामले में नौ अक्तूबर को दो बजे से अंबेसडर होटल में बैठक होगी।