अल्मोड़ा। लमगड़ा बाजार में गहराए पेयजल संकट से निजात दिलाने की मांग पर व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी है। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि जिलाधिकारी और तहसीलदार को ज्ञापन देने के बाद भी समस्या का समाधान अब तक नहीं हो सका है। आक्रोशित व्यापारियों ने जल्द मांग पूरी नहीं होने पर सड़क पर उतरने की चेतावनी दी है।
शनिवार को धरना स्थल पर बैठे व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि जल संस्थान के एई और जल निगम के जेई, एई ने मौके पर पहुंचकर समस्या के जल्द समाधान को आश्वासन दिया था। लेकिन आश्वासन केवल हवाई साबित हुए। व्यापार मंडल अध्यक्ष शुभम कपकोटी ने कहा कि लमगड़ा बाजार के लोग लंबे समय से पेयजल संकट झेल रहे हैं। लेकिन अधिकारियों की ओर से उन्हें आश्वासन मिल रहा है। उन्होंने बाजार में ग्रेविटी पेयजल योजना को तत्काल स्वीकृति देकर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग उठाई। कहा कि समस्या का स्थायी समाधान होने तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
व्यापारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और भी उग्र करते हुए लोग सड़कों पर उतारेंगे। वहां दीपक तिवारी, रहीश अहमद, आनंद नैनवाल, आदिल अहमद, सचिन बोरा, मनोज देवरी सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।