संयुक्त मजिस्ट्रेट से की वार्ता, ज्ञापन सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
रानीखेत (अल्मोड़ा)। स्थानीय एनसीसी मैदान में लगे व्यापारिक मेले का स्थानीय व्यापारियों ने फिर विरोध किया है। पहले भी विरोध के बाद समझौता हुआ था, लेकिन इस बार उन्होंने संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद को ज्ञापन सौंपकर विरोध जताया।
व्यापारियों ने बताया कि छावनी परिषद के साथ समझौते के अनुसार मेले में मनोरंजन के झूले, खान-पान और हस्तकरघा के स्टॉल लगाए जाने थे, लेकिन अब रेडीमेड गारमेंट्स, बर्तन और प्लास्टिक जैसी वस्तुओं के स्टॉल लगाए गए हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समझौते का पालन नहीं हुआ, तो वे मेले का कड़ा विरोध करेंगे।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छावनी परिषद के सीईओ कुणाल रोहिला से बात की। सीईओ ने आश्वासन दिया कि समझौते के नियमों का पालन किया जाएगा और मेला निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित होगा। ज्ञापन देने वालों में नेहा माहरा, कुलदीप कुमार आदि शामिल थे।
फोटो: 1एएलएम 13पी: रानीखेत में मेले को लेकर संयुक्त मजिस्ट्रेट से वार्ता करते व्यापारी। संवाद