पर्यटन सीजन को देखते हुए कुमाऊं मंडल विकास निगम पहाड़ में स्थित अपने सभी प्रमुख पर्यटक आवास गृहों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर रहा है। इन दिनों आवास गृहों में मरम्मत का काम चल रहा है। खास तौर पर कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्गों वाले सभी आवास गृहों को बेहतर बनाया जा रहा है। आवास गृहों को सुविधाओं से लेस करने के लिए शासन ने करीब छह करोड़ रुपए मंजूर किए हैं।
कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि निगम के अल्मोड़ा, डीनापानी, बिनसर, जागेश्वर, मुनस्यारी, बिर्थी, मदकोट, धारचूला, चौकोड़ी, नैनीताल, भीमताल, नौकुचियाताल आदि स्थानों में स्थित पर्यटक आवास गृहों में इन दिनों सुधार कार्य किए जा रहे हैं। अल्मोड़ा में स्थित होली-डे-होम में 1978 के बाद पहली बार सुधार कार्य किए जा रहे हैं।
अल्मोड़ा में पहले चरण में कुछ कमरों को अप्रैल आखिर तक सुसज्जित कर दिया जाएगा। इन कक्षों में छोटी खिड़कियां हटाकर बड़ी खिड़कियां लगाई जा रही हैं। ताकि पर्यटक आराम से कमरों में बैठकर हिमालय दर्शन कर सकें। उन्होंने बताया कि कमरों को भीतर से भी आधुनिक सुविधाओं युक्त बनाया जा रहा है। दूसरे चरण में कुछ समय बाद अन्य सुधारीकरण के साथ ही मुख्य मार्ग से होटल परिसर तक सड़क का निर्माण भी किया जाएगा।
एमडी ने बताया कि निगम कुमाऊं में आने वाले पर्यटकों को अच्छी से अच्छी सुविधाएं दिलाने का प्रयास करेगा। खासतौर पर कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग में अल्मोड़ा, चौकोड़ी, डीडीहाट, धारचूला आदि जगहों पर स्थित पर्यटक आवास गृहों में बेहतर सुविधाएं जुटाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि नैनीताल में मल्लीताल टीआरसी में भी 1980 के बाद पहली बार सुधार कार्य किए जा रहे हैं। नैनीताल के तल्लीताल के अलावा भीमताल, नौकुचियाताल के आवास गृहों को भी सुसज्जित किया जा रहा है। सभी आवास गृहों में रेस्टोरेंटों को भी आकर्षक बनाया जाएगा।
केएमवीएन के एमडी धीराज गर्ब्याल कहते हैं कि पहाड़ में पर्यटन सीजन मई से ज्यादा जोर पकड़ता है इसलिए सभी पर्यटक आवास गृहों में अधिकांश सुधार कार्य 30 अप्रैल तक पूरे कर लिए जाएंगे। सुधार कार्यों में गुणवत्ता पर खास ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए कार्यों की समय-समय पर मॉनेटरिंग की जा रही है।