अल्मोड़ा। जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा है कि जिले में पर्यटन व्यवसाय की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन को आगे बढ़ाने के लिए सभी को आपसी समन्वय से काम करना होगा। डीएम होटल एसोसिएशन की ओर से विनायक उत्सव भवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर एसोसिएशन ने डीएम को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया।
डीएम ने कहा कि पर्यटन अंतरराष्ट्रीय समुदाय में सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक मूल्यों को प्रभावित करता है। पर्यटन व्यवसाय को आगे बढ़ाने के साथ ही एसोसिएशन द्वारा असहाय और निर्बल वर्गों की सेवा करना सराहनीय प्रयास है। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने कहा कि जिले में पर्यटन व्यवसाय को आगे बढ़ाने में होटल व्यवसायी स्व. जगत सिंह बिष्ट की अहम भूमिका रही।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश बिष्ट ने कहा कि पर्यटकों को अधिक से अधिक सुवधिाएं मिलें इसके लिए शासन से मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले साल मुख्यमंत्री ने लग्जरी टैक्स, मनोरंजन टैक्स में शिथिलता की घोषणा की थी, जो अब तक पूरी नहीं हो पाई है। विहान संस्था के कलाकारों ने कार्यक्रम पेश किए।
इस अवसर पर एसोसिएशन द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय जैंती को 20-20 पलंग, गद्दे, चादर, कंबल, रजाई, 10 पर्दे, एक-एक हारमोनियम, ढोलक, मजीरा, ढपली, खड़ताल, दो कैरम, लूडो, छह रस्सी कूद, बैडमिंटन रैकेट, एक डिब्बा शटल कॉक, बैडमिंटन नैट, दो-दो कुकर, पतीले भेंट गए।
संचालन महासचिव हरीश जोशी ने किया। कार्यक्रम में जगमोहन अग्रवाल, बद्रीविशाल अग्रवाल, पूरन अधिकारी, मोहन चंद्र कांडपाल, हेम गुरुरानी, अरुण वर्मा, अजय अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, पान सिंह खंपा, अमरजीत सिंह, राजीव बोरा, रेखा आर्या, दीपक मेहता, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या, शिक्षा विभाग के अधिकारी आदि मौजूद थे।