अल्मोड़ा। अल्मोड़ा को हल्द्वानी से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर क्वारब क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे निर्माण कार्य और लगातार हो रहे भूस्खलन से जिले का पर्यटन कारोबार प्रभावित हो रहा है। सुरक्षा कारणों से फिलहाल मुख्य मार्ग को बंद कर यातायात डोबा-चौसली बाइपास मार्ग से संचालित किया जा रहा है लेकिन बिना डामर चढ़ा यह वैकल्पिक मार्ग भी यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।
सड़क पर बार-बार मलबा आने और वाहनों के फंसने की घटनाओं से पर्यटक अल्मोड़ा आने से कतरा रहे हैं, जिससे जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर कारोबार प्रभावित हो गया है। होटल कारोबारियों के अनुसार कसारदेवी, जागेश्वर, अल्मोड़ा नगर सहित आसपास के पर्यटन क्षेत्रों में पहले की अपेक्षा पर्यटकों की संख्या में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कई होटल और होमस्टे जो इस समय पर्यटकों से भरे रहने की उम्मीद थी वह खाली पड़े हैं। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि पहले की अपेक्षा में पर्यटन कारोबार में काफी गिरावट आई है। इसका असर केवल होटल और होमस्टे तक सीमित नहीं है बल्कि रेस्टोरेंट, टैक्सी संचालकों, ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों, स्थानीय दुकानदारों और हस्तशिल्प कारोबारियों पर भी पड़ा है। होटल एवं पर्यटन कारोबारियों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से क्वारब क्षेत्र में स्थायी समाधान निकालने तथा राजमार्ग को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने की मांग की है।
डोबा-चौसली बाइपास में जल्द से जल्द डामरीकरण होना चाहिए। जिससे पर्यटकों को आने में कोई दिक्कत न हो।
अरुण वर्मा, जिलाध्यक्ष होटल एसोसिएशन