प्रादेशिक सेना (टीए) की भर्ती में भाग लेने पहुंचे युवाओं ने सोमवार की रात्रि नगर में उत्पात मचा दिया। मिशन इंटर कालेज में तोड़फोड़ की, रोकने पर रात्रि चौकीदार की बुरी तरह से धुनाई कर दी गई। उसे सीढ़ियों से नीचे फेंक दिया गया। विद्यालय प्रशासन ने अव्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है।
उन्होंने कहा कि रात्रि में कई बार फोन करने के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची। उन्होंने मामले की तहरीर कोतवाली में दे दी है। मालूम हो कि टीए की भर्ती के लिए रानीखेत में विभिन्न राज्यों के 10 हजार से अधिक युवक पहुंच गए हैं। स्थानीय प्रशासन ने इन युवाओं के रहने के लिए कई विद्यालयों में व्यवस्था की है, लेकिन बाहर से आए इन युवाओं ने खासा उत्पात मचा दिया है।
सोमवार की सुबह से ही युवाओं का पहुंचना शुरू हो गया था। रात्रि आठ बजे युवकों ने यहां मिशन इंटर कालेज में तोड़फोड़ मचा दी। युवाओं ने हाल में रखा फर्नीचर और खिड़कियों की जालियां तोड़ दीं। चौकीदार जितेंद्र कुमार ने रोकने का प्रयास किया तो उसे बुरी तरह से पीट कर सीढ़ियों से नीचे फेंक दिया।
सूचना के बाद विद्यालय पहुंचे प्रधानाचार्य ने इसकी सूचना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस के लोग फोन करने के बावजूद समय पर नहीं पहुंचे। घायल चौकीदार को प्रधानाचार्य और अन्य स्टाफ अस्पताल में भर्ती कराया। उधर कोतवाल संजय गर्ब्याल का कहना है कि मिशन इंटर कालेज में खास तोड़फोड़ नहीं हुई है, मैं स्वयं वहां मौजूद था। भर्ती युवाओं के रहने की व्यवस्था में जुटा हुआ था। युवा अधिक मात्रा में पहुंच गए थे, तो धक्का-मुक्की के चलते थोड़ा बहुत टूट-फूट हुई है। मामले की जांच की जा रही है।