स्याल्दे (अल्मोड़ा)। बीते बुधवार की रात हुई मूसलाधार बारिश ने स्याल्दे विकासखंड के कई गांवों में नुकसान पहुंचाया। दूरस्थ ग्राम पंचायत कलियालिंगुड़ में कमला देवी पत्नी स्व. बालम सिंह के मकान का आंगन का आगे का हिस्सा भारी बारिश के कारण ढह गया। घटना की सूचना पर ग्राम प्रधान पूजा देवी और प्रधान प्रतिनिधि संजीव कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त स्थल का निरीक्षण कर प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। साथ ही आपदा प्रबंधन विभाग को घटना की जानकारी देकर नियमानुसार क्षति का आकलन कर प्रभावित परिवार को सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की। लगातार हो रही बारिश से क्षेत्र में लोगों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है।