अल्मोड़ा। जिले में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। भूस्खलन के कारण तीन मुख्य ग्रामीण सड़कों पर यातायात बंद है। बदहाल सड़कों पर बने गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रविवार की रात से जिले में बारिश का दौर जारी रहा। सोमवार की सुबह कुछ देर मौसम खुला लेकिन फिर बारिश होने लगी। दिन भर रुक-रुक कर बरसात होती रही। बारिश के दौरान मलबा गिरने से मनानधूरा-नानकोट, तामाढौन-गोलना और ध्याडी-मिरगांव-मानेश्वर मोटर मार्गों पर यातायात बाधित हो गया। लोगों को वैकल्पिक रास्तों से पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। नगर क्षेत्र में बारिश से सड़कों में बने गड्ढों में पानी भर गया। कई जगहों पर वाहन चलने पर गंदे पानी की छीटें आवाजाही कर रहे लोगों के कपड़े पर पड़े। बारिश के दौरान नगर के बाजारों में भी चहल कम रही। फड़ विक्रेताओं को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ा। जिला मुख्यालय का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल ने बताया कि सभी सड़कों से मलबा हटाने के लिए मौके पर जेसीबी मशीन लगाई गई हैं।