अल्मोड़ा। एसएसजे विश्वविद्यालय का चौंकाने वाला कारनामा सामने आया है। विवि ने परीक्षा तो ली लेकिन विद्यार्थियों को नंबर देना भूल गया। बगैर अंक जोड़े ही सैकड़ों विद्यार्थियों का परीक्षाफल कर दिया गया। इस लापरवाही का खामियाजा छात्र-छात्राएं भुगत रहे हैं। वे अपना परीक्षाफल ठीक कराने के लिए चक्कर काट रहे हैं। इस संबंध में विवि को अब तक 200 से अधिक विद्यार्थियों की शिकायतें मिल चुकी हैं।
पिछले दिनों एसएसजे विश्वविद्यालय के अधीन पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत परिसरों के साथ ही इनसे संबद्ध 36 महाविद्यालयों में सेमेस्टर परीक्षा हुई थी। विद्यार्थियों ने पूरी तैयारी के साथ परीक्षा दी और उन्हें परीक्षाफल का इंतजार था। जब परीक्षाफल घोषित हुआ तो वे हैरान रह गए। चारों परिसरों और इनसे जुड़े महाविद्यालयों में बीए के 200 से अधिक विद्यार्थियों के परीक्षाफल में आंतरिक और वाह्य परीक्षाओं के कई विषयों के नंबर ही नहीं जुड़े हैं। बगैर नंबर जोड़े ही परीक्षाफल घोषित करना विवि प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है। संवाद
बढ़ सकती है अपूर्ण परीक्षाफल के छात्रों की संख्या
अल्मोड़ा। विश्वविद्यालय के साथ ही परिसरों और महाविद्यालयों में बगैर नंबर जोड़े परीक्षाफल घोषित करने की शिकायत बढ़ रही हैं। अब तक विश्वविद्यालय प्रबंधन को यह मालूम नहीं है कि कितने विद्यार्थियों का बगैर नंबर जोड़े परीक्षाफल घोषित हुआ है। फिलहाल विवि प्रबंधन को इस संबंध में करीब 200 शिकायतें मिली हैं। इससे साफ है भविष्य में चारों जिलों में अपूर्ण परीक्षाफल वाले विद्यार्थियों की संख्या और बढ़ेगी।
कोट
परिसर और महाविद्यालयों से संबंधित विद्यार्थियों के अंक प्राप्त नहीं हुए, इससे दिक्कत आई है। जैसे-जैसे शिकायत मिलेंगीं इनका निस्तारण किया जाएगा। सभी परिसर और महाविद्यालयों से विद्यार्थियों के अंक उपलब्ध कराने को कहा गया है।
- डॉ. मुकेश सामंत, परीक्षा नियंत्रक, एसएसजे विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा।