रानीखेत की सड़क पर बहता शौचालय का गंदा पानी।
- फोटो : अमर उजाला
पर्यटन सीजन शुरू हो गया है, लेकिन सफाई व्यवस्था ढर्रे पर नहीं आ पा रही है। यहां सुभाष चौक के पास पिछले एक हफ्ते से शौचालय की गंदगी सड़क पर बह रही है, तीव्र दुर्गंध से लोगों का जीना मुहाल है, लेकिन इस अव्यवस्था को दूर नहीं किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने अतिशीघ्र व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
मालूम हो कि रानीखेत क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का जिम्मा छावनी परिषद के ऊपर है। छावनी परिषद ने इस व्यवस्था को अब ठेके पर दे दिया है। दिल्ली की एक कंपनी के साथ सफाई कार्य का अनुबंध किया गया है, लेकिन व्यवस्था ढर्रे पर नहीं आ पा रही है। सुभाष चौक पर नए बनाए गए शौचालय की गंदगी सड़कों पर बह रही है, यह अव्यवस्था पिछले एक हफ्ते से है। मुख्य बाजार होने के कारण यहां पर खासी चहल-पहल रहती है, पर्यटन सीजन चल रहा है सो अलग। बताया जा रहा है कि शौचालय का निकासी पाइप फट चुका है, जिस कारण यह अव्यवस्था हो रही है, जिससे स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में आक्रोश है।
लोगों ने शीघ्र इस अव्यवस्था से निजात दिलाने की मांग उठाई है। स्वच्छता अधीक्षक पीएस फर्त्याल ने कहा कि अतिशीघ्र अव्यवस्था को दूर किया जाएगा।