हॉकी प्रतियोगिता में भिड़तीं खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
स्थानीय स्टेडियम में राज्य स्तरीय ओपन बालिका हॉकी प्रतियोगिता जारी है। मंगलवार को खेले गए सेमीफाइनल मैचों में जीतकर हल्द्वानी और नैनीताल की टीमें फाइनल में पहुंच गई हैं। फाइनल मैच बुधवार नौ नवंबर को 11 बजे से खेला जाएगा।
पहला सेमीफाइनल मैच देहरादून और हल्द्वानी के मध्य हुआ। पहले हाफ में आठवें मिनट में देहरादून की पूजा भट्ट ने एक गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिला दी, लेकिन जवाबी हमला करते हुए हल्द्वानी की प्रभा ने 13वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में परिवर्तित कर हल्द्वानी को बराबरी पर ला दिया। पहले हाफ में दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। दूसरे हाफ में पूजा भट्ट देहराहून ने एक ओर गोल करके अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी, लेकिन 55वें मिनट में हल्द्वानी की टीम ने एक और गोल कर मैच 2-2 की बराबरी पर ला दिया। मैच का फैसला पेनल्टी स्ट्रोक के जरिए हुआ। जिसमें हल्द्वानी ने 3-1 गोल के अंतर से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरा सेमीफाइनल मैच अल्मोड़ा और नैनीताल के बीच हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। पेनल्टी स्ट्रोक में नैनीताल ने अल्मोड़ा को 3-2 से हराया और फाइनल में स्थान बनाया। इससे पहले खेले गए लीग मैच में अल्मोड़ा ने काशीपुर को 3-0 से हराया। अल्मोड़ा की ओर से रेनू कार्की ने एक और अनीता पवार ने दो गोल किए। निर्णायक पंकज टम्टा, दीपक वर्मा, दीपक शाही, राजेंद्र कनवाल, भानु प्रकाश, कुंदन कनवाल, गणेश शाही, भूपाल चिलवाल, महेश्वरी नेगी थे। वहां हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष किशोर सिंह बाफिला, हॉकी उत्तराखंड के संयुक्त सचिव योगेश जोशी, जिला क्रीड़ाधिकारी सीएल वर्मा, दुर्गा प्रसाद आर्या, गोपाल खोलिया, लियाकत अली खान, श्याम भट्ट आदि थे।