रानीखेत (अल्मोड़ा)। नगर की खड़ी बाजार की सड़क लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। सुंदरीकरण के नाम पर ढलान युक्त सड़क में इंटरलॉक टाइल्स तो बिछा दी गई, लेकिन इन टाइल्स पर चलना मुश्किल हो गया है। रपटने से अब तक कई लोग घायल हो चुके हैं और दो महिलाओं के हाथ टूट चुके हैं।
यह सड़क अधिकांश ग्रामीणों का मुख्य पैदल मार्ग भी है, लेकिन अब डर के चलते कई लोगों ने अपना रास्ता ही बदल लिया है। छावनी परिषद प्रशासन की नजरें अभी तक इस अव्यवस्था की तरफ इनायत नहीं हुई हैं। ब्रिटिशकालीन खड़ी बाजार का सुंदरीकरण करने के लिए चार माह पूर्व करीब पांच लाख रुपये से इस सड़क में इंटरलॉक टाइल्स लगाने का निर्णय लिया गया।
पूर्व में इस बाजार की ढलान वाली सड़क में डामर बिछा हुआ था। बाद में छावनी परिषद ने इस सड़क को सीसी के माध्यम से मजबूत किया, लेकिन सीसी भी नहीं टिक पाई। छावनी परिषद ने जो इंटरलॉक टाइल्स बिछाई हैं, ढलान होने के कारण टाइल्स रपट रही हैं, जबकि अभी बरसात का मौसम नहीं आया है। शीतकाल और बारिश के दौरान तो यह मार्ग और भी खतरनाक होने की आशंका बनी हुई है।
बता दें कि चार माह पूर्व जब इस बाजार में टाइल्स बिछाने का कार्य चल रहा था, तो कई लोगों ने इसका विरोध भी किया था। लेकिन, नहीं सुनी गई। व्यवसायी कामरान कुरैशी सहित तमाम व्यापारियों ने इस संबंध में छावनी परिषद को ज्ञापन भेजा है। इधर, छावनी परिषद के ड्राफ्ट्समैन कृपाल सिंह माहरा का कहना है कि शिकायत मिल रही है, शीघ्र ही इस मामले को ठीक करने का प्रयास किया जाएगा।