स्थानीय लोगों में खौफ, वन विभाग से कार्यवाही की मांग
रानीखेत (अल्मोड़ा)। नगर पालिका चिलियानौला के वाटिका क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात एक तेंदुए की आबादी क्षेत्र में चहलकदमी सीसीटीवी में कैद हुई है, जिसके बाद इलाके के लोग खौफ में हैं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों से तेंदुए को पकड़ने के लिए कार्रवाई करने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि चिलियानौला के वाटिका क्षेत्र में लगे एक सीसीटीवी में शुक्रवार की देर रात एक तेंदुए की चहलकदमी कैद हुई है। स्थानीय निवासी हेम कुवार्बी, अनिल भगत, अरुण रावत, सुरेंद्र साह, कमलेश बोरा ने बताया कि पिछले कई दिनों से आसपास के क्षेत्रों में तेंदुआ दिखाई दे रहा था। लेकिन अब वह आबादी वाले इलाकों का रुख करने लगा है।
इस कारण लोग खौफजदा हैं। तेंदुए के भय के कारण लोग शाम होते ही घरों में कैद हो जा रहे हैं। महिलाओं और बच्चों का अकेले इधर उधर जाना भी जोखिम भरा साबित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने नगरपालिका से इस क्षेत्र में सड़कों किनारे उगी झाड़ियों को काटने और वन विभाग के अधिकारियों से तेंदुए को पकड़ने के लिए कार्यवाही करने की मांग की है।
-कोट
जंगलों में लगी आग के कारण वन्यजीवों के वास स्थल नष्ट हो गए हैं। जिस कारण वह आबादी के इलाकों का रुख कर रहे हैं। लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है। साथ ही प्रभावित इलाके में वन विभाग की टीम को गश्त के लिए भी भेजा जा रहा है। -तापस मिश्रा, रेंजर, रानीखेत क्षेत्र।