रानीखेत (अल्मोड़ा)। चिलियानौला क्षेत्र में निर्माणाधीन भवन का छज्जा गिरने से तीन मजदूर घायल हो गए। घायलों का यहां राजकीय अस्पताल उपचार कराया गया। बताया जा रहा है आजीविका सहयोग परियोजना का भवन बनाया जा रहा है।
उत्तराखंड ग्रामीण विकास समिति से इसके लिए तकरीबन साढे़ बारह लाख रुपये की धनराशि मिली हुई है। इस भवन के निर्माण में मजदूर काम पर लगे हुए थे। सोमवार की शाम भवन का छज्जा भरभराकर गिर गया। जिसके चलते नीचे कार्य कर रहे चिलियानौला निवासी उमा देवी, विनोद और योगेश कुमार छज्जे की चपेट में आकर घायल हो गए।
छज्जा गिरने की सूचना मिलते ही कई स्थानीय लोग भी मौके पर जा पहुंचे। निजी वाहनों से तीनों घायलों को राजकीय अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार किया गया, हालांकि सभी लोग खतरे से बाहर हैं। दो श्रमिकों के पांव में फैक्चर है, जबकि महिला को मामूली चोटें आई हैं। आजीविका परियोजना के समन्वयक जीवन चंद्र डौर्बी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद निरीक्षण किया गया है। मामले का पता लगाया जा रहा है।