अल्मोड़ा में बुधवार दोपहर बाद हुई तेज बारिश के बाद तापमान काफी कम हो गया। बारिश के कारण कोसी नदी उफान पर है। पानी के साथ सिल्ट आने से जल संस्थान के तीनों पंप बंद हो गए। नदी का जल स्तर भी काफी बढ़ गया जिस कारण सिंचाई विभाग को कोसी बैराज के गेट भी खोलने पड़े। जल संस्थान के अधिकारियों का कहना है कि पंप हाउस में गंदगी आने से पानी लिफ्ट नहीं हो रहा है जिससे बृहस्पतिवार को नगर में पेयजल आपूर्ति बाधित रहने की संभावना है।
करीब एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश से जहां नदी नाले उफनाए रहे। वहीं नगर की जनता को पानी पिलाने वाली कोसी नदी का जल स्तर भी काफी बढ़ गया। कोसी बैराज की व्यवस्था देख रहे सिंचाई विभाग के कर्मचारियों को पानी का जल स्तर कम करने के लिए गेट खोलने पड़े। जल संस्थान के जेई बचे सिंह देवड़ी ने बताया कि बारिश के दौरान गंदा पानी आने से पंप हाउस में काफी मात्रा में सिल्ट जमा हो गई है, जिससे तीनों पंपों को बंद करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि पंप नहीं चलने के कारण बृहस्पतिवार को नगर में पेयजल आपूर्ति भी नहीं हो सकेगी। कर्मचारी इस दौरान पंप हाउस के आसपास जमा हुए कचरे और सिल्ट को हटाने का कार्य करेंगे उसके बाद ही पंप चलेंगे।