दूर संचार सलाहकार समिति की बैठक में बताया गया कि पिथौरागढ़ नगर में तीन और धारचूला क्षेत्र में छह नए थ्री जी मोबाइल टावर लगाने का काम प्रगति पर है। यह सभी टावर तीन से चार माह के भीतर काम करने लगेंगे। बैठक में सदस्यों ने पिथारौगढ़, चंपावत और बागेश्वर जिले में संचार सुविधाओं के बारे में अपने सुझाव दिए।
सदस्यों ने बागेश्वर जिले के लाहौलचौरा घाटी और पिथौरागढ़ जिले के जाख, रूना क्षेत्र के मोबाइल टावर लगाने और दूरभाष केंद्र को ठीक करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि बागेश्वर जिले के नामित, कन्यालीकोट, पोथिंग आदि क्षेत्रों में नए टावर लगाए जाएं। इसके अलावा देवनाई क्षेत्र में लैंडलाइन सेवाओं को दुरुस्त करने की मांग की। सदस्यों ने चंपावत जिले के चौमले, वर्दाखान, सुखीढांग क्षेत्रों में नए मोबाइल टावर लगाने का सुझाव दिया। महाप्रबंधक अखिलेश कुमार ने बताया कि पिथौरागढ़ नगर में तीन और धारचूला क्षेत्र में छह नए थ्री जी मोबाइल टावर स्वीकृत हैं। टावर तीन से चार माह के भीतर काम करने लगेंगे। उन्होंने कहा कि सदस्यों द्वारा बताए गए क्षेत्रों का सर्वे कराया जाएगा। तकनीकी और व्यावसायिक दृष्टि से उचित क्षेत्रों को आगे की कार्रवाई के लिए परिमंडल कार्यालय देहरादून को भेजने का आश्वासन दिया।
अध्यक्षता महाप्रबंधक अखिलेश कुमार और संचालन उपमंडल अभियंता गोविंद कार्की ने किया। बैठक में दूरसंचार सलाहकार समिति पिथौरागढ़ के सदस्य रघुवीर सिंह, प्रहलाद सिंह, खुशाल सिंह, प्रेम बिष्ट, मोहन लाल चौधरी, बागेश्वर के शिव सिंह बिष्ट, बीएसएनएल के उप महाप्रबंधक रमित मौर्या, सहायक महाप्रबंधक सीसी रजवार, मंडल अभियंता पिथौरागढ़ एसएन रावत, उपमंडल अभियंता आरके हुडे, उपमंडल अभियंता चंपावत मनीष पंत, अवर दूरसंचार अधिकारी बागेश्वर सुरेश चंद्रा, अवर दूरसंचार अधिकारी मोबाइल अरविंद पटेल, सुधीर पंत, अवर दूरसंचार अधिकारी सेल्स संदीप सूठा आदि मौजूद थे।