जागरण में थिरके विदेशी श्रद्धालु
- फोटो : amarujala
रानीखेत (अल्मोड़ा)। मां दुर्गा पूजा महोत्सव में यहां गांधी चौक पर सोमवार की रात आयोजित जागरण में दर्शक जमकर थिरके। पंडाल में पहुंचे अंग्रेज श्रद्धालुओं ने भी गीतों पर जमकर ठुमके लगाए। रुद्रपुर से पहुंची साईं जागरण मंच के कलाकारों ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा। पिथौरागढ़ की लोक गायक खुशी जोशी दिगारी ने भी मैया के गीतों के माध्यम से दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया।
जागरण में दूर दराज से श्रद्धालु पहुंचे थे। जगदंबा महायज्ञ के लिए हैड़ाखान पहुंचे अंग्रेज श्रद्धालुुओं ने भी जागरण का आनंद लिया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख रचना रावत, नेता प्रतिपक्ष की पत्नी एडवोकेट पुष्पा भट्ट, पूर्व विधायक करन माहरा की पत्नी रमा माहरा, कुलदीप अग्रवाल, विमल भट्ट, अतुल अग्रवाल सहित तमाम लोग मौजूद थे।
बैंक बिल्डिंग परिसर में भी नव दुर्गा पूजा महोत्सव जारी है। यहां भी सुबह-शाम आरती हो रही है। मालरोड और चौबटिया के पंडालों में भी भजन-कीर्तन चल रहे हैं। हैड़ाखान में विश्व शांति के लिए जगदंबा महायज्ञ जारी है।