अल्मोड़ा। नगर की थपलिया काॅलोनी में चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर रखे सोने के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। बृहस्पतिवार को पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित महेंद्र सिंह देवड़ी ने बृहस्पतिवार को कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह डाक विभाग के लाला बाजार उपडाकघर में डाक सहायक के पद पर कार्यरत हैं। वह अपने परिवार सहित मंगलवार को अपने गांव नैणी गए थे। बृहस्पतिवार को उनकी पड़ोसी कमला देवी ने उन्हें सूचना दी कि तुम्हारे घर का ताला टूटा है। इसके बाद वह अपने क्वार्टर में पहुंचे। अंदर देखने पर सामान अस्त व्यस्त पड़ा हुआ था। उनकी पत्नी पद्मा देवी ने अंदर रखे जेवर और पैसे चैक किए। उन्होंने बताया कि बक्से के अंदर से लगभग एक तोले का मंगलसूत्र, लगभग चार आने के कान के टाॅप्स और पर्स में रखे लगभग 16,000 रुपये चोरी हुए हैं। वहीं सीओ गोपाल दत्त जोशी ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।